सहारनपुर। गांव हौजखेड़ी निवासी रणवीर की हत्या के मामले में जेल गए युवकों को गलत तरीके से फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा किया। एसएसपी आवास पर एकत्र हुए ग्रामीणों को थाना जनकपुरी पुलिस ने समझाबुझाकर वापस भेजा।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हौजखेड़ी निवासी पाल सिंह व गांव आमवाला निवासी छोटन सिंह के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण देहरादून रोड स्थित एसएसपी आवास के बाहर एकत्र हुए और हंगामा किया। सूचना पर थाना जनकपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों का प्रार्थना पत्र लिया। शिकायती पत्र में बताया कि गांव हौजखेड़ी निवासी रणवीर की हत्या के मामले में हौजखेड़ी निवासी सोनू और आमवाला निवासी ब्रिजेश को गलत तरीके से फंसाकर जेल भेजा गया है। मृतक की पत्नी ने रंजिश में दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बिना जांच किए ही दोनों को जेल भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रणवीर के हत्यारे उसके नजदीकी हैं, लेकिन ब्रिजेश व सोनू बेकसूर हैं। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया था। शराब पीने के बाद सोनू व ब्रिजेश का रणवीर के साथ झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों की मांग पर मामले की जांच कराई जा रही है। ग्रामीणों द्वारा जिन लोगों पर शक जताया गया है, उनसे भी पूछताछ की जाएगी।