सहारनपुर में नेहरू मार्केट में डाली जा रही सीवर लाइन डालने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सहित युवक गिरकर चोटिल हो गया। मौके पर जमा भीड़ ने रस्से का इंतजाम कर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पहले बाइक और उसके बाद युवक को बाहर निकाला। इससे पहले लोहानी सराय में भी बाइक सवार युवक इसी तरह सीवर के गड्ढे में गिर चुका है, लेकिन फिर भी संबंधित विभाग सबक नहीं ले रहे हैं।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में कहीं सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों को खोदा गया है तो कहीं विद्युत केबिल भूमिगत करने के लिए गड्ढे किए गए हैं। कई जगहों पर सड़कें धंस गई हैं। इसकी वजह से महानगर की सड़कों पर चलना खतरों से खाली नहीं है। खास बात यह है कि कई जगहों पर कार्यदायी संस्थाओं ने गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग तक नहीं की है। जहां सीवर लाइन डाली जा रही है वहां बैरिकेडिंग है तो लोग वहां से चलने से नहीं रुक रहे हैं।
15 दिन से नहीं ली जा रही गड्ढे की सुध
सिविल लाइन चौकी के पास पहले से डली सीवर लाइन के ढक्कन के पास से सड़क धंसी हुई है, जिसमें करीब पांच फीट गहरा गड्ढा बना है। इससे पहले तहसील मंदिर के सामने भी इसी तरह सड़क धंसने के बाद करीब दो महीने तक अनदेखी की गई थी, जिसकी वजह से राहगीर परेशान थे।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला स्टिंग: IAS अफसरों के उड़े होश, व्हाट्सएप ग्रुपों पर चल रहा ये बड़ा खेल, सरकार को करोड़ों की हानि