घटना सोमवार रात की है। कृष्णाधाम कॉलोनी में चार युवक बाइकों पर आए और एक युवक के शव को ढमोला नदी में फेंककर भागने लगे। तभी एक महिला की नजर उन पर पड़ गई। महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। क्षेत्रवासियों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, जिस पर आरोपियों ने भीड़ से मारपीट की और एक बाइक छोड़कर फरार हो गए।
वहीं, पता लगते ही थाना जनकपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को ढमोला नदी से जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया है। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार प्रजापति (38) वर्ष पुत्र जयपाल प्रजापति निवासी देवपुरम के रूप में हुई। जांच में पता लगा कि प्रदीप मजदूरी करता था। प्रदीप के दो बच्चे हैं। 14 वर्ष की बेटी निधि और 12 वर्षीय बेटा अंशुल है। बाइक के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
हत्या या हादसा, स्पष्ट नहीं
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अभी तक हुई पूछताछ में सामने आया है कि प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ अलग-अलग बाइक पर गांव देवला जा रहा था। इन सभी ने शराब का सेवन किया हुआ था। प्रदीप लघु शंका के लिए ढमोला नदी में उतर गया। नशे की वजह वह नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके तीनों साथी तभी ढमोला नदी में उतर गए और प्रदीप को बाहर निकालने लगे। तब लोगों को लगा कि आरोपी शव फेंककर भाग रहे हैं। सही स्थिति का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता लगेगी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: पत्नी को मिटाकर खुद भी मिट गया, पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था सूरज, दिल दहलाने वाली है वारदात