डेंगू से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया
सहारनपुर। राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर एसबीडी जिला अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न स्कूलों में जन जागरूकता कार्यक्रम चला कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमएस डॉ. सत्य सिंह ने किया। उन्होंने डेंगू जैसे घातक रोग से बचने के लिए जागरूकता लाने की जरूरत बताई। कहा कि लोगों को डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी दिया जाना बेहद जरूरी है। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने डेंगू युक्त सहारनपुर बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को डेंगू रोग से बचाव और रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शिवांका गौड़ के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने डीपीएस में छात्रों और शिक्षकों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया। छात्रों को यह जानकारी अपने घर के अलावा आस पड़ोस तक पहुंचाने की अपील की गई। इसके बाद टीम ने यूनिटेक मशींस में भी अभियान चलाया। इनके अलावा सभी सीएचसी और पीएचसी पर भी डेंगू दिवस मनाया गया, जिसके तहत संबंधित क्षेत्रों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डेंगू की रोकथाम पर चर्चा की
सहारनपुर। नागरिक सुरक्षा कोर की बैठक सोफिया पब्लिक हाई स्कूल में हुई, जिसमें डेंगू रोग की रोकथाम पर चर्चा की गई। पोस्ट वार्डन कमाल हसन अंसारी ने डेंगू की रोकथाम के उपाय बताए। साथ ही समाज में जन जागरूकता के लिए बैठकें करने पर बल दिया। स्टाफ ऑफिसर दीपक गुप्ता ने लोगों को अपने घरों और पड़ोस में साफ-सफाई रखने की अपील की। छतों पर खाली डिब्बे और टायर आदि न रखने की सलाह दी। बैठक में प्रवीण जैन, राजीव जैन, अनुज जैन, रविकांत पांचाल, सजल मित्तल, अमित, प्रदीप, सुमित आदि मौजूद रहे।