बस स्वामियों को नोटिस जारी किए
एक सप्ताह में फिटनेस नहीं हुई तो पंजीयन निलंबित होगा
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग के अभियान के बावजूद अभी भी जिले में 330 स्कूल बसें बिना फिटनेट के चल रही हैं। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से इन बसों के स्वामियों को नोटिस जारी किए हैं। जिसमें एक सप्ताह में फिटनेट नहीं कराने पर बसों के पंजीयन निलंबित करने की चेतावनी दी है।
अनफिट स्कूल बसों से कई जिलों में हादसो हो चुके हैं, जिसमें स्कूली बच्चों की जान भी जा चुकी है। शासन ने स्कूलों के वाहनों की जांच करके अभियान चलाने के आदेश दिए। जनपद में भी संभागीय परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर मानक पूरे नहीं होने पर एक सौ से अधिक स्कूल वाहनों का चालान और सीज करने की कार्रवाई की। इसके बावजूद जिले में 330 स्कूल बसें बिना फिटनेस चल रही हैं। उप संभागीय परिवहन विभाग में जनपद में 974 स्कूल बसें पंजीकृत हैं, जिनमें से अभी तक 644 स्कूल बसों का ही फिटनेट प्रमाण पत्र जारी हुआ है, बाकी 330 अनफिट ही चल रही हैं।
वहीं, उप संभागीय परिवहन अधिकारी महेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया कि 330 अनफिट स्कूल बसों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि एक सप्ताह में उन्होंने वाहनों की फिटनेस नहीं कराई तो पंजीयन निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।