सहारनपुर। जिले को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शामिल करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ई मेल से ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि एनसीआर का दायरा 200 किलोमीटर है, जबकि सहारनपुर वाया शामली दिल्ली से मात्र 165 किलोमीटर ही है। एनसीआर में शामिल नहीं होने से जनपद वासी मूलभूत सुविधाओं से से भी वंचित हैं।
मंगलवार को ई मेल से भेजे ज्ञापन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि सहारनपुर उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की सीमाओं से सटा हुआ है। उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक और यातायात सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर पिछली सरकारों द्वारा उपेक्षा की जाती रही है। इसके चलते जिले का अपेक्षित विकास नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक बार मांग किए जाने के बावजूद जिले को एनसीआर में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनपद को एनसीआर में शामिल कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, रामराजीव सिंघल, संजय भसीन, सरदार राजपाल सिंह, दीपकराज सिंघल, मेजर एसके सूरी, अनिल गर्ग, रमेश अरोड़ा, रमेश डाबर आदि रहे।