-- सरसावा क्षेत्र में एयरपोर्ट के लिए बनकर तैयार हुई चाहरदीवारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिले में सिविल टर्मिनल (एयरपोर्ट) बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ रहे हैं। एयरपोर्ट की जमीन की चाहर दीवारी का कार्य पूरा हो गया है, जबकि टर्मिनल का निर्माण कराने के लिए 140 करोड़ रुपये का बजट मांगा है। इस संबंध में विमान पत्तन प्राधिकरण के हेड क्वार्टर की तरफ से मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया है। बजट को स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया होने पर निर्माण शुरू हो जाएगा।
सहारनपुर से हवाई यात्रा शुरू कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं। इसी उद्देश्य से सरसावा क्षेत्र में 64.3808 एकड़ जमीन खरीदी गई। यह जमीन विमान पत्तन प्राधिकरण देहरादून के नाम हस्तांतरित होने के बाद जमीन पर चाहर दीवारी कराई गई। दीवार बनने के बाद उस पर रंगाई पुताई का कार्य अंतिम दौर में है। साथ ही चाहर दीवारी पर सुरक्षा के लिहाज से तार बंदी भी कराई गई है।
पर्यावरण की क्लीयरेंस की प्रक्रिया शुरू
एयरपोर्ट निर्माण से पहले मिट्टी की जांच आदि का कार्य भी हो गया है, जबकि पर्यावरण आदि अन्य विभागों से क्लीयरेंस प्राप्त करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्दी ही पर्यावरण संबंधी क्लीयरेंस मिल जाएगा।
एयरपोर्ट बनने से होगा बड़ा लाभ
सहारनपुर में एयरपोर्ट बनाए जाने की मांग काफी समय से थी। इसके कई प्रमुख कारण हैं। एक तो यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाला वुडकार्विंग उद्योग है, तो अनेक लोगों की रिश्तेदारी विदेशों में है या फिर नौकरी अथवा कारोबार के सिलसिले में लोग विदेशों में हैं। इसलिए लोगों को हवाई यात्रा के लिए दिल्ली जाना पड़ता है। साथ ही एयपरपोर्ट बनने से वुडकार्विंग उद्योग को भी गति मिलेगी, क्योंकि बाहर के खरीदार हवाई यात्रा कर आसानी से सहारनपुर पहुंच सकेंगे।
चहार दीवारी का निर्माण पूरा हो गया है। एयरपोर्ट का निर्माण कराने के लिए 140 करोड़ रुपये बजट की मांग की गई है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी, जिसके बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। -जसबीर सिंह, उपमहाप्रबंधक (सिविल), एयरपोर्ट प्राधिकरण देहरादून