सहारनपुर। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जनपद में मंगलवार को खाद्यान्न वितरण शुरू हो गया है। पहले दिन जनपद में मात्र 1.74 प्रतिशत राशनकार्ड धारकों को खाद्यान्न का वितरण हो सका है। जनपद के 584410 राशन कार्ड धारकों में से मात्र 10194 ने ही खाद्यान्न लिया। हालांकि अभी जनपद की सभी दुकानों पूरा खाद्यान्न नहीं पहुंचा है। इस माह अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को तीन महीने की तीन किलो चीनी भी नि:शुल्क दी जा रही है।
फरवरी महीने में राशन वितरण का दूसरा चक्र मंगलवार से शुरू हो गया। इसमें अंत्योदय राशनकार्ड धारकों को इस बार चीनी भी नि:शुल्क दी जा रही है। जनपद में 584410 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें से 529792 राशन कार्ड पात्र गृहस्थी योजना और 54618 अंत्योदय कार्ड शामिल हैं। खाद्यान्न वितरण का प्रथम चरण 20 फरवरी तक पूरा चुका है। मंगलवार से शुरू हुआ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण 28 फरवरी तक चलेगा। इसमें जहां पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को गेहूं, चावल नि:शुल्क मिलेगा, वहीं अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को जनवरी, फरवरी और मार्च महीने की तीन किलो चीनी भी नि:शुल्क दी जाएगी। जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की 1239 दुकानें हैं। इसमें से 246 नगरीय क्षेत्र और 993 दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न वितरण का नि:शुल्क वितरण मंगलवार से शुरू हो गया है। पहले दिन 1.74 फीसदी खाद्यान्न का वितरण हुआ। जनपद के 584410 राशन कार्ड धारकों में से मंगलवार को 10194 राशन कार्ड धारक ने खाद्यान्न लिया है। हालांकि अभी तक कई राशन डीलरों के यहां पूरा खाद्यान्न नहीं पहुंचा है। खाद्यान्न का उठान अभी जारी है। 28 फरवरी तक पूरा खाद्यान्न वितरण कराया जाना है।