नकुड़ कस्बे में जिस गोदाम में चोरी की गाड़ी काटते हुए तीन लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया, वहां बड़ी संख्या में सेना के खाली बॉक्स भी मिले। इनकी गुत्थी पुलिस भी नहीं सुलझा पा रही है। इस मामले में गंभीरता से जांच शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि सेना में इन बॉक्स का इस्तेमाल गोला-बारूद रखने के लिए किया जाता है। फिलहाल पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। बॉक्स पर लिखे नंबरों के आधार पर उनकी जानकारी भी जुटाई जा रही है कि वह किस बटालियन के हैं।
सोमवार तड़के करीब चार बजे हरियाणा के जगाधरी थानाक्षेत्र की सावनपुरी कॉलोनी से एक गाड़ी चोरी हो गई थी। गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था, जिसकी मदद से हरियाणा पुलिस व नकुड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त गोदाम पर छापा मारकर मौके से गाड़ी काट रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उस्मान निवासी मोहल्ला बंजारान थाना नकुड़, जुबैर व उवैश निवासी कमेला कॉलोनी सहारनपुर के रूप में हुई थी।
जब गोदाम की गहनता से जांच की गई तो वहां पर 50 से अधिक हरे रंग के बॉक्स मिले, जो लकड़ी ( हार्ड बोर्ड) के बने हुए हैं और कुछ नंबर भी लिखे हुए हैं। बताया गया कि ये बॉक्स सेना के हैं। इन बॉक्स के मिलने के बाद पुलिस भी मामले में बेहद गंभीरता बरत रही है। पकड़े गए आरोपियों से एक बार फिर से पूछताछ की जाएगी। वहीं बॉक्स पर मिले नंबरों के आधार पर भी जांच की जा रही है।