संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘राम-लीला’ के प्रदर्शन को लेकर देश भर में हो रहे विरोध की आग अलीगढ़ भी पहुंच गई। शनिवार को मैटनी शो के दौरान यहां दो सिनेमाघरों में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने फिल्म के शीर्षक पर ऐतराज जताते हुए जमकर उपद्रव किया और प्रदर्शन रुकवा दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मीनाक्षी सिनेमा हॉल में जहां पर्दा फाड़कर तोड़फोड़ की वहीं बिग वाड्रा सिनेमा हॉल में पोस्टर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का उग्र रुख देख दर्शक भाग खडे़ हुए।
उपद्रव के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल फिल्म का प्रदर्शन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। हॉल प्रबंधकों की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
शनिवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बारहद्वारी स्थित बिग वाड्रा सिनेमा हॉल पर धावा बोल दिया और वहां फिल्म के प्लेक्स पोस्टरों में आग लगा दी। हंगामे के चलते दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई और वह हॉल छोड़कर भाग गए।
इसके बाद कार्यकर्ता रामघाट रोड स्थित मीनाक्षी सिनेमा हॉल पहुंचे। हालांकि सिनेमा हॉल प्रबंधन ने स्थिति को भांपते हुए अंदर से गेट लॉक कर लिए थे। लेकिन प्रदर्शनकारी गेट और चैनल के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। हाथों में झंडे, लाठी, डंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने हॉल में घुसकर पर्दा फाड़ दिया।
बुकिंग काउंटर की खिड़कियां भी तोड़ दीं। आधे घंटे तक हॉल में अराजकता की स्थिति रही। उपद्रव के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों हॉलों में फिल्म का प्रदर्शन फिलहाल रुका हुआ है।