सैदनगर (रामपुर)। अजीमनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को एक टैक्टर-ट्रॉली चालक ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को कब्जे में ले लिया है।
मुरादाबाद के बलदेव पुरी गांव निवासी रामकिशोर (25) की मुरसैना निवासी एक युवती से तीन साल पहले शादी हुई थी। रामकिशोर की पत्नी होली पर मायके आई हुई थी। गुरुवार सुबह रामकिशोर पत्नी से मिलने ससुराल आया था। इसके बाद गुरुवार रात को आठ बजे बाइक पर सवार होकर ससुराल से घर वापस जा रहा था। रास्ते में खौद चौराहे पर रामपुर की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए नहीं था। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर-ट्राली सहित चालक को पकड़ लिया। बाद में हादसे की जानकारी मिलने पर रामकिशोर की पत्नी और ससुराल वाले घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक पुष्कर सिंह ने बताया पोस्टमार्टम के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।