रामपुर। नवरात्र में अष्टमी पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप देवी महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों और घरों में यज्ञ हुए, जिसमें राष्ट्र कल्याण की भावना के साथ लोगों ने आहुतियां दीं। अष्टमी पर लोगों ने घरों में कन्याएं जिमाईं और उपवास खोला। दोपहर में महिलाओं ने घर-घर में ढोलक की थाप पर माता के छंद गाकर भजन-कीर्तन किया। शनिवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मां शक्ति के दरबार में पूजा अर्चना शुरू कर दी थी। मां को तिलक लगाकर पुप्पों की माला पहनाई। घरों में सामूहिक रूप से विधि-विधान से पूजा अर्चना की। दुर्गा सप्तसती तेरह अध्यायों का पाठ किया। दुर्गा चालीसा का पाठ किया। इसके बाद हुआ यज्ञ। मंत्रों के उच्चारण के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दी। पूर्णाहुति के बाद मां को हलुआ, पूड़ी, चने और प्रसाद का भोग लगाया। मां से परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। भगवान गणेश समेत अन्य देवी देवताओं के साथ मां दुर्गे की आरती उतारकर प्रसाद वितरित किया।
अग्रवाल धर्मशाला स्थित मंदिर में दुर्गा देवी ज्वाला जी शक्ति दरबार के महंत पंडित विश्वनाथ प्रसाद मिश्रा ने पूजा अर्चना कराई। पूजा अर्चना के बाद यज्ञ हुआ। यज्ञ के बाद कन्याएं जिमाईं गईं। इा दौरान भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर मंत्रों के उच्चारण, भजन-कीर्तन, घंटों की ध्वनि और माता के जयकारों से गूंज उठा। शाम को माता की आरती हुई। इसके बाद सभी को प्रसाद बांटा गया। श्री त्रिपुरेश्वरी शक्तिपीठ में अष्टमी पर लोगों ने सुबह श्री मां ललिता त्रिपुरसुंदरी के दर्शन कर सुख शांति की कामना की। दुर्गा सप्तशती के पाठ के बाद यज्ञ हुआ। शाम को ध्यान और योग पर चर्चा की गई। आचार्य डॉ.राधे श्याम वासन्तेय ने कहा कि रविवार को सुबह यज्ञ होगा। इसके बाद भंडारा होगा। माई का थान पुराना गंज स्थित माईं का थान मंदिर में देवी के पूजन के लिए सुबह से ही लाइन लगना शुरु हो गई। सभी ने बारी-बारी से माता के दर्शन किए। माता को नारियल, लौंग, प्रसाद आदि चढ़ाकर पूजन किया। आचार्य अंकुश शर्मा ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। महिलाओं ने दोपहर में भजन-कीर्तन किया। सुबह शाम माता की आरती हुई। इसके बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया। जिला पंचायत रोड स्थित शिव मंदिर में आचार्य पंडित नरेन्द्र कुमार मिश्रा ने श्रद्धालुओं को विधि-विधान के साथ पूजन कराया। दुर्गा चालीसा और सप्तशती का पाठ किया गया। दोपहर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। ज्वालानगर का शेषनाग मंदिर, मनोकामना मंदिर, रामनाथ कालोनी का माता का मंदिर, पुराना गंज स्थित हरिहर मंदिर, गर्वमेंट प्रेस के सामने शिव मंदिर, साईं विहार कालोनी के मंदिर, मिस्टन गंज, आवास विकास कालोनी स्थित नर्मदेश्वर मंदिर, मुहल्ला घेर कलंदर खां का शिव दुर्गा मंदिर, कृष्णा विहार स्थित कृष्णा मंदिर, ज्वालानगर में वैद्यजी की धर्मशाला स्थित मंदिर, श्री हरि मंदिर आदि में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की।
000
कन्या पूजन कर छुए चरण, लिया आशीर्वाद
रामपुर। आठवें दिन श्रद्धालुओं ने अष्टमी पूजन कर पूजा अर्चना और हवन के बाद कन्याएं जिमानी शुरू कर दी थीं। कन्याओं चरण धोकर उन्हें आसन पर बैठाया। कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें यथायोग्य दक्षिणा भेंट की। चरण छूकर कन्याओं का आशीर्वाद लिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाना शुरू कर दिया था। मां दुर्गे के उद्घोष और शंखनाद और घंटे घड़ियाल की ध्वनि से वातावरण गूंज उठा।