बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के पिपलिया गोपाल गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने से मना करने पर एक महिला ने अपने तीन देवरों पर घर में घुसकर मार-पीटकर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए सीएचसी भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपलिया गोपाल निवासी मोहम्मद अली की पत्नी इशरत जहां बृहस्पतिवार की दोपहर घायल अवस्था में कोतवाली पहुंची। महिला ने पुलिस से शिकायत की कि उसके देवर के घर में दो दिन बाद शादी समाराेह है। महिला का आरोप है कि देवर उससे शादी में शामिल होने का दबाव बना रहे थे। जबकि, वह शादी में शामिल न होने की बात कह रही थी।
इसी बात को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह तीन देवरों ने उसे लाठी डंडों से प्रहार करके घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। संवाद