रामपुर। सरकार की ओर से मिशन युवा के अंतर्गत जिले की नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में नि:शुल्क वाईफाई की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत जिला मुख्यालय की नगर पालिकाओं में दो सार्वजनिक स्थानों एवं अन्य निकायों में कम से कम एक सार्वजनिक स्थान पर नि:शुल्क वाईफाई का इंतजाम किया जाएगा।
प्रदेश सरकार की ओर से अत्याधुनिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में इंटरनेेट की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इसके लिए शासन ने सभी निकायों को आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें जिला मुख्यालय निकाय में दो सार्वजनिक स्थानों पर वाईफाई उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि जिले की अन्य नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में कम से कम एक सार्वजनिक स्थान पर वाईफाई उपलब्ध कराया जाएगा। मिशन युवा के तहत लगने वाले वाईफाई से युवा इंटरनेट की सेवा का लाभ ले सकेंगे। वाईफाई पर आने वाला खर्च भी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को वहन करना होगा। यह काम रेलटेल कंपनी को मिला है। कंपनी की ओर से नगर पालिका क्षेत्र का सर्वे कर स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। कंपनी को यह काम सितंबर अंत तक पूर्ण करना होगा, जबकि अक्तूबर प्रथम सप्ताह में नि:शुल्क वाईफाई सुविधा का उद्घाटन होगा।