बूथों पर छाया के इंतजाम कराएगा प्रशासन
बढ़ती गर्मी के बीच कतार में खड़े वोटरों को धूप से बचाने के लिए शामियानों की व्यवस्था कराने को कहा गया है। चुनाव आयोग ने इसके लिए प्रशासन को भी आदेश दिए हैं। साफ किया है कि उन बूथों पर छांव की व्यवस्था की जाए जहां खुले में वोटरों की कतार लगती हो। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए भी गर्मी से बचाव के इंतजाम करने के भी आदेश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क
स्वास्थ्य विभाग को भी प्रशासन की ओर से सतर्क कर दिया गया है। मतदानकर्मियों को जो किट दी जाएंगी, उसमें ओआरएस के पैकेट के साथ ही बुखार व अन्य जरूरी दवाओं को रखा गया है। यह किट पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान दी जाएंगी।
2019 में 64.4 फीसदी हुआ था मतदान
पिछले लोकसभा चुनाव में 11 अप्रैल 2019 को मतदान हुआ था। उस वक्त रामपुर के 64.4 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतदान का इस्तेमाल किया था। उस दिन जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं इस बार मतदान के दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जो मतदान प्रतिशत पर असर डाल सकता है।
मतदान के दिन ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करें, इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। जहां तक गर्मी का सवाल है तो इससे निपटने के लिए मतदान केंद्रों पर छाया की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही मतदानकर्मियों के लिए भी जरूरी इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं। - जोगिंदर सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी