आदमपुर क्षेत्र के एक कस्बा निवासी 22 वर्षीय युवक का रहरा थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इसके खिलाफ थे।
पांच दिन पूर्व प्रेमिका ने कीटनाशक का सेवन करके जीवन लीला समाप्त कर ली थी। इसके पांच दिन बाद युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बिना कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बताते हैं कि रहरा थाना क्षेत्र के गांव में कुछ माह पहले दोनों एक मेडिकल स्टोर पर मिले थे। यहीं से दोनों की प्रेम कहानी शुरुआत हुई थी। दोनों एक ही जाति से ताल्लुक रखते थे। प्यार परवान चढ़ा लेकिन युवती के घरवाले शादी के लिए राजी नहीं हुए।
युवक के घरवालों ने युवती के घरवालों को काफी समझाया, पंचायत के माध्यम से भी समझौता करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बन सकी। इसी के चलते पांच दिन पहले युवती ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था। तभी से युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी।
शनिवार को युवक ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। दोनों मामलों में बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है।