शाहबाद (रामपुर)। सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों शवों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन रोते-बिलखते हुए पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया है।दोनों मृतकों के परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के बंदार गांव निवासी मुकेश (28) रविवार देर रात को अपनी बाइक से मुरादाबाद जा रहे थे। मुकेश मुरादाबाद में राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करता था। मुरादाबाद जाते समय शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के राणा शुगर मिल के निकट पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने बाइक सवार के टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया और सड़क पर गिर गया। इस दौरान राणा मिल के पास टहल रहे कर्मियों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना देकर बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुकेश हेलमेट लगाए हुए नहीं था। पुलिस ने घायल अवस्था में पड़े मुकेश को आननफानन शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी के चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुकेश के परिजनों को सूचना दी। रात में ही परिजन रोते हुए सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने मुकेश के शव कोकब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। मृतक के पिता शिवचरन सिंह कीओर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दूसरा हादसा तुरखेड़ा गांव के निकट हुआ। संभल के थाना चंदौसी के मोहल्ला आवास विकास के पुष्प विहार निवासी संजीव कुमार शर्मा (38) सोमवार तड़के अपने टाटा मैजिक से केले लादकर शाहबाद लेकर आए थे, और ढकिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान कोतवाली क्षेत्र के तुरखेड़ा के निकट ईंट के भट्ठे के पास अज्ञात वाहन ने उनके टाटा मैजिक में साइड मार दी। साइड लगने से टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकरा गया। इस दौरान संजीव के गंभीर चोटें आई, घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इनके शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। इनके परिजन भी रोते हुए रामपुर मोर्चरी पहुंचे। मृतक के भाई राजीव कुमार शर्मा ने अज्ञात चालक के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों परिजनों की ओर से कराई गई रिपोर्ट के बाद जांच में जुट गई है।