शाहबाद (रामपुर)। मंगलवार रात एसओजी और शाहबाद पुलिस की पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। घिरे तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छह तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। वहीं, मुठभेड़ में एक सिपाही के हाथ में भी चोट आई है। पुलिस ने तस्करों से अवैध असलहा, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट, एंबुलेंस, कार और पशु वध के उपकरण आदि सामान भी बरामद किया है।
मंगलवार रात शाहबाद पुलिस एसओजी के साथ चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सैफनी की तरफ से एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। कार को चेकिंग के लिए को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार कार चालक ने कार नहीं रोकी और भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए रामपुर रोड पर पुराने बिजली घर के पास कार को घेर लिया। इस दौरान कार मेें मौजूद बदमाशों ने घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जिस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो दो बदमाशों नन्हे और अबरार के पैर में गोली लग गई, जिससे दोनों घायल हो गए और वहीं गिर गए। पुलिस ने शाहबाद थाना क्षेत्र निवासी नन्हें और मिलक थाना क्षेत्र निवासी अबरार के साथ पीलीभीत जनपद निवासी लईक, बदायूं के बिसौली क्षेत्र निवासी छोटे, मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र निवासी वारिस, मिलक थाना क्षेत्र निवासी अमरपाल को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में सिपाही कुलभूषण के हाथ में भी चोट आई है।