रामपुर। शहर के नालों से लेकर सड़कों तक पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इसके चलते नगर पालिका की ओर से दस अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
बरसात का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में जलनिकासी को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से नालों की सफाई कराई जा रही है। बड़े-बड़े नालों की सफाई कराने के लिए टेंडर निकाले गए हैं, जो आवंटित कर दिए हैं, लेकिन कई स्थानों पर नाले के ऊपर अतिक्रमण होने की वजह से नालों की सफाई नहीं हो पा रही है। बुधवार को नगर पालिका के नगर अभियंता महेन्द्र सिंह नालों की साफ-सफाई का जायजा लेने के लिए निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि नाले के ऊपर दुकानें बनी हुईं थीं। इसके साथ ही उन्होंने बड़े भैया की बगिया का जायजा लिया, जहां तमाम लोगों का अतिक्रमण मिला। नगर अभियंता ने अतिक्रमण को लेकर दस लोगों को नोटिस जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में नालों की साफ-सफाई की जाती है, लेकिन अतिक्रमण होने की वजह से नालों की साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि दस दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्हें तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी वे अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।