शाहबाद (रामपुर)। रविवार तड़के एक ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभों से टकराता हुआ चार दुकानों में जा घुसा। अनियंत्रित ट्रक घुसने से चारों दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। साथ ही ट्रक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा देखकर रोड पर चीखपुकार मच गई। उधर, मौका पाकर चालक और परिचालक फरार हो गए।
हरियाणा से दूध का पाउडर लेकर बरेली जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर शाहबाद के नखासे के निकट तड़के छह बजे विद्युत पोलों से टकराता हुआ चार दुकानों में घुस गया। बताया गया कि ट्रक के चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हो गया। हादसे के दौरान ट्रक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। वहीं, हादसे की सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। मौके पर चालक का मोबाइल पुलिस को मिल गया था लेकिन, चालक और परिचालक फरार हो गए थे। दुकान स्वामी विवेक गुप्ता के अनुसार उनकी दो दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं और उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जबकि, बराबर से रफीक अहमद की बिजली की दुकान है। उनके अनुसार उनका भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ है जबकि, बिजली विभाग के एसडीओ महेंद्र कुमार के अनुसार उनका भी लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। देर शाम को ट्रक में लदे समान के मालिक विशाल बरेली से शाहबाद पहुंच गए थे। उनके अनुसार भी उनका भी अच्छा खासा नुकसान हुआ है। जेई ओम प्रकाश पटेल की ओर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।