रामपुर। पटवाई थाना क्षेत्र के मथुरापुर कांड की जांच अब मुरादाबाद के एसपी क्राइम करेंगे। इसके लिए डीआईजी ने आदेश जारी कर दिया है। इससे पहले इस पूरे प्रकरण की जांच एडीजी ने डीआईजी को किसी दूसरे जिले के एएसपी को कराने के आदेश थे।
पटवाई थाना क्षेत्र के मथुरापुर में होली के मौके पर डीजे लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान पथराव व फायरिंग भी हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना में अब तक तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
इस दौरान पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान भी लग रहे हैं। पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने के आरोप लग रहे हैं, जिसकी शिकायत एडीजी जोन बरेली रमित शर्मा के पास भी पहुंची थी, जिस पर एडीजी जोन ने मुरादाबाद रेंज के डीआईजी को इस प्रकरण की जांच किसी दूसरे जिले के एएसपी से कराने के आदेश दिए हैं।
इस बीच पटवाई थानाध्यक्ष की घेराबंदी भी शुरू हो गई है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष ढंग से विवेचना कराने की मांग शुरू हो गई है। इसको लेकर कल डीएम को भी ज्ञापन दिया गया था।
अब इस मामले में मुरादाबाद के डीआईजी मुनिराज जी ने इस मामले की विवेचना मुरादाबाद के एसपी क्राइम को सौंप दी है। इसको लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर मथुरापुर गांव में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। यहां पर पुलिस बल तैनात है।