बरातियों की कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे व पेड़ से टकराई, सात की मौत
मुरादाबाद के रहटपुर माफी से रामपुर के आंगा गांव में जा रहे थे बराती
रामपुर। बरातियों से भरी कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे और फिर से पेड़ से जा टकराई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की वजह कार की तेज गति बताई जा रही है। खंभे और पेड़ से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए थे।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे अजीमनगर थाना क्षेत्र में लालपुर से खौद मार्ग पर हसमतगंज गांव के पास हुआ। मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के रहटा माफी गांव निवासी विशाल राज मिस्त्री का काम करता है। विशाल की शादी रामपुर के आंगा गांव निवासी धर्मवीर सिंह की बेटी सोनम के साथ तय हुई थी। जिसमें शुक्रवार दोपहर डिलारी से 10 बराती और एक चालक के साथ कार में सवार होकर काशीपुर आंगा जा रहे थे। इस दौरान अजीमनगर थाना क्षेत्र में हसमतगंज गांव के पास दोपहर करीब पौने दो बजे कार अनियंत्रित हो गई और एक बिजली के खंभे से टकरा गई, इसके बाद भी कार रूकी नहीं और एक यूकेलिप्ट्स के पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में बिजली का खंभा और पेड़ दोनों टूट गए । हादसे में कार सवार विनीत (21) पुत्र बृजेश सक्सेना, राकेश (52) पुत्र कर्ण सिंह, कृष (17) पुत्र वीरेंद्र सिंह, विवेक चौहान (22) पुत्र सोपाल, सौरभ (25) पुत्र विक्रम और आकाश सक्सेना (24) पुत्र हरिओम की मौत हो गई। वहीं, हादसे में चालक बिट्टू, अनमोल, संजय, चिंटू और तरुण उर्फ गुल्लू घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां पर उपचार के दौरान तरुण उर्फ गुल्लू की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे की मुख्य वजह कार की रफ्तार है।
बयान
-हादसे की जानकारी मिलने के बाद मैं मौके पर गया था। प्रथम दृष्टया तो यही लगा रहा है कि कार तेज गति से चल रही थी, जिस कारण व अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे और पेड़ से टकराई है। हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल है।
- अशोक कुमार शुक्ला, पुलिस अधीक्षक, रामपुर