मिलक। क्षेत्र की किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार की बताई जा रही है। वहीं, पीड़ित पक्ष का कहना है कि वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दो दिन से पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। किशोरी की मां ने मंगलवार को कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी सोमवार सुबह 11 बजे जंगल में घास लेने गई थी। लौटते वक्त गांव के एक युवक ने किशोरी को दबोच लिया और खड्ड में पुलिया के नीचे ले गया। किशोरी ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसने गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने किशोरी के कपड़े फाड़ डाले और दुष्कर्म का प्रयास किया।
इस बीच रास्ते से गुजरने वाले एक ई-रिक्छा चालक ने किशोरी को जबरन ले जाते युवक को देख लिया। तब उसने आरोपी के चंगुल से किशोरी को बमुश्किल छुड़ाया। युवक के चंगुल से बचकर किशोरी अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद किशोरी अपनी मां के साथ कोतवाली गई।
किशोरी की मां का कहना है कि सूचना के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आई, मगर कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिसकर्मी उनसे कह रहे हैं कि किशोरी के पिता ने आरोपी से समझौता कर लिया है, इसलिए अब कोई कार्रवाई नहीं होगी। वह दो दिन से कार्रवाई के लिए चक्कर काट रहे हैं। दूसरी ओर आरोपी युवक के पैरोकार उन पर समझौते का दबाव डाल रहे हैं।
किशोरी की मां मंगलवार को दोबारा कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह से मिली और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।