रामपुर। शहीद ए आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफइनल मैच में एसएफसी ने स्मार्ट इंडियन मॉडल स्कूल को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
एसएफसी के विपिन ने करन थापा के पास पर 20वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यान्तर तक स्कोर 1-0 रहा। मध्यांतर के बाद भी स्मार्ट इंडियन मॉडल स्कूल की टीम कुछ खास नहीं कर पाई। जबकि, एसएफसी ने एक के बाद कई हमले किए। स्मार्ट इंडियन मॉडल स्कूल के विरुद्ध पेनाल्टी स्ट्रोक मैच के 50वें मिनट में मिला। इसे एसएफसी के सचिन ने बड़ी आसानी से गोल में बदल दिया।
मैच के 59वें मिनट में एसएफसी के सादाब ने फ्री किक पर गोल मारकर अपनी टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। मैच के 68 वें मिनट में सचिन के कॉर्नर शूट पर थापा ने हेड से गोल कर अपनी टीम को 4-0 की अजेय बढ़त दिला दी। इस तरह एसएफसी ने 4-0 से स्मार्ट इंडियन मॉडल स्कूल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफइनल मैच ज्वाला क्लब बनाम मॉर्निंग क्लब के मध्य दोपहर दो बजे खेला जाएगा।