गांव के बाहर तालाब पर नहाने गए चार छात्र डूबने लगे । मार्ग से गुजर रहे साथी छात्र ने तीन छात्रों को डूबने से बचा लिया, जबकि एक छात्र पानी मे डूब गया । सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई और गांव के युवकों ने तालाब में घुस कर एक घंटे की मशक्कत के बाद डूबे छात्र को बाहर निकाला। लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी । शव को देखते ही घर मे कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया।
तहसील क्षेत्र के गांव लाड़पुर निकट बथुआ खेड़ा निवासी 10 वर्षीय छात्र गुलशान जफर , 11 वर्षीय सैफ अली, 10 वर्षीय फरहान , 11 वर्षीय बिलाल गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो के छात्र है ।
मंगलवार की दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद घर वापस आए और कुछ देर बाद ही बाहर खेलने की बात कहते हुए घर से आ गए । चारो छात्र खेलते खेलते गांव के बाहर आ गए और गांव के बाहर स्थित तालाब पर नहाने लगे । बताते है कि नहाते नहाते चारो छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबनेलगे।
तभी उधर से गुजर रहे विद्यालय के ही गांव निवासी 14 वर्षीय छात्र संजय ने उन्हें डूबते देखा तो तालाब में छलांग लगा दी और एक एक कर सैफ अली, फरहान,बिलाल, को बाहर निकाल लाया।तीन छात्रों को बाहर निकल कर जैसे ही वह पुन: तालाब में कूदा लेकिन तब तक गुलशान पूरी तरह पानी मे डूब चुका था फिर भी उसने उसकी तलाश की लेकिन उसे गुलशान नही मिला ।
उसने व अन्य बच्चो ने सूचना ग्रामीणों को दी जिस पर तालाब पर लोगों की भीड़ लग गई ।गांव के कई युवक तालाब में घुस कर छात्र की तलाश करने लगे । एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने गुलशान को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया ।सूचना पर कोतवाल राजेश तिवारी सहित राजस्व निरीक्षक सोमपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार किया है ।