जामा मसजिद के शाही इमाम द्वारा चुनाव में बसपा को समर्थन दिए जाने के मुद्दे पर सूबे के नगर विकास मंत्री आजम खां ने जमकर निशाना साधा। कहा कि शाही इमाम ने भाजपा के इशारे पर कौम का सौदा कर डाला। हाथी वाली माताजी तो पैसा दे नहीं सकती क्योंकि वे तो लेती हैं, लेकिन देती नहीं। भाजपा ने वोट बंटवारे के लिए मोटा ब्रीफेकस थमाया है। कहा कि शाही इमाम को शर्म आनी चाहिए।
स्वार, खौद और शाहबाद में आयोजित सपा की सभाओं में सूबे के नगर विकास मंत्री आजम खां के निशाने पर जामा मसजिद के शाही इमाम अहमद बुखारी रहे। इसके अलावा एक कौंसिल के उलेमाओं को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि उलेमाओं के पास घूमने के लिए हेलीकाप्टर कहां से आ रहा है?। उलेमाओं के साथ ही इमाम ने भी कौम को बेच डाला है। कहा कि कुछ दिन पहले शाही इमाम मुख्यमंत्री और उनके पिता के पास भी पहुंचे थे, जहां दोनों ने ही ब्रीफकेस नहीं थमाया। इसके बाद शाही इमाम ने बसपा को समर्थन देने की बात कह डाली।
कहा कि शाही इमाम सीधे तौर पर तो भाजपा को समर्थन नहीं कर सकते थे,लेकिन भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए बसपा को समर्थन दे दिया। उन्होंने कहा कि शाही इमाम और हेलीकाप्टरों में घूमने वाले कौंसिल के उलेमाओं को इस पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन सबने मिलकर कौम का सौदा कर डाला। उन्होंने शाही इमाम पर खूब जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा की सरकार दुबारा आएगी।