धमोरा (रामपुर)। पुलिस अधीक्षक ने शहजादनगर थाने का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कार्य में लापरवाही के चलते एसपी ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल बुधवार की दोपहर शहजादनगर थाने पहुंचे। इस दौरान थानों के अभिलेखों को भी चेक किया। थाने के शस्त्रागार, मालखाना, बैरिक,भोजनालय, हवालात आदि को देखा। अभिलेखों को निरंतर अपडेट करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी से त्योहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, शस्त्र रजिस्टर ,गुंडा एक्ट रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर ,थाना समाधान दिवस रजिस्टर को चेक किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के महत्वपूर्ण बिंदुओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर दिशा निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया। एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि बुधवार को शहजादनगर थाने का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर शहजादनगर थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।