मेले में दिखाई गई समाजवाद की तस्वीर
- फोटो : amarujala
प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के चार साल की उपलब्धियों की झलक रामपुर के नुमाइश मैदान में सरकारी महकमों ने दिखाई। सभी विभागों ने अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों को बताया। स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। यूपी में समाजवादी पार्टी सरकार के मंगलवार को चार साल पूरे हो गए। चौथी वर्षगांठ को समाजवादी विकास दिवस के रूप में मनाया गया है।
जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर विकास मंत्री आजम खां के शहर में भी ये कार्यक्रम धूमधाम से मना। मुख्य कार्यक्रम पनवड़िया स्थित कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी के मैदान में आयोजित किया गया। यहां मंच से सरकार की उपलब्धियों को गिनाया गया, वहीं मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टाल लगाकर अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों का गिनाईं।
नुमाइश मैदान में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, वन विभाग, डूडा, उद्यान विभाग, महिला कल्याण विभाग, आईसीडीएस, गांधी आश्रम, जिला सेवा योजन विभाग, पंचायत राज विभाग, नेडा, तंबाकू नियंत्रण एवं धूम्रपान कमेटी समेत अन्य विभागों ने स्टाल लगाए। स्टाल को खूबसूरत ढंग से सजाया गया था।
अधिकारी खुद निगरानी में लगे थे। लोगों को योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। माडल भी पेश किए गए। स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री मूलचंद्र चौहान ने स्टालों का निरीक्षण किया।