रामपुर। मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में लापरवाही बरतने पर चमरौवा व सैदनगर के बीडीओ और नगर शिक्षाधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्ट देने के साथ ही उनका वेतन भी रोका गया है। डीएम ने इसको लेकर साफ किया है कि एसआईआर के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में मतदाता सूचियों का गहन विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चलाया जा रहा है। इसके तहत निर्धारित तिथिवार कार्यक्रम में रुचि न लेने और निर्वाचन कार्यों में लगातार लापरवाही बरतने वाले तीन अधिकारियों के विरुद्ध जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने वेतन रोकते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही इन अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए निर्वाचन आयोग को संस्तुति पत्र भेजा है।
डीएम के अनुसार शहर विधानसभा क्षेत्र के तहत चमरौआ के खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह और सैदनगर के खंड विकास अधिकारी सैदनगर प्रदीप कुमार चौधरी व नगर शिक्षाधिकारी स्वदीप कन्नौजिया को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के रूप में नियुक्त किया गया है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्य की बूथवार समीक्षा बैठक में ये तीनों एईआरओ उपस्थित नहीं हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है