मिलक विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजबाला के पति दिलीप सिंह लोधी के खिलाफ सिविल लाइंस थानेे में अदालत के आदेश पर चोरी और धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट में दर्ज की गई है। वहीं, विधायक के पति दिलीप सिंह लोधी का कहना है कि ये मामला पहले से ही कोर्ट में चल रहा है। उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं। इस मामले में कोर्ट का फैसला ही सर्वमान्य होगा।
शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह के मुताबिक उनके और विधायक के पति दिलीप सिंह लोधी के पहले अच्छे संबंध थे। आरोप है कि वर्ष 2011 में उसकी फर्म की मुहर, डीएल, पासबुक और चेकबुक आदि चोरी हो गए थे, जिसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 16 दिसंबर 2021 को धनराशि हड़पने के उद्देश्य से फर्म की मशीनों का कुटेशन तैयार कर बैंक से 6.47 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसकी जानकारी उन्हें एक नोटिस से हुई, जिस पर उन्होंने विधायक के पति दिलीप सिंह लोधी से रुपये वापस मांगे।
विधायक के पति ने 3.47 लाख रुपये वापस कर दिए, जबकि तीन लाख रुपये वापस नहीं किए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उनके दस्तावेज चोरी होने के मामले में भी विधायक के पति शामिल हैं। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में दिलीप सिंह लोधी के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, दस्तावेजों में हेराफेरी करने के आरोप में सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर लव सिरोही ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।