भोट (रामपुर)। कृषि कानूनों के विरोध में कोयला टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन का धरना जारी रहा। इस दौरान धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कानून वापसी की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन कर कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कृषि कानूनों की वापसी को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता पिछले 140 दिनों से नेशनल हाईवे पर कोयला टोल प्लाजा में बेमियादी धरने पर बैठे हैं। गुरुवार को धरना स्थल पर मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष छिद्दा अली ने कहा कि सरकार को चाहिए कि किसानों की मांगे मानकर तीनों कृषि कानूनों को वापस ले तथा एमएसपी पर कानून बनाकर किसानों को सम्मान करें। अन्यथा, जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान मोहम्मद तालिब, अब्दुल हसन पाशा, शाकिर अली, जुम्मा अली, चंद्रसेन, देवीदास, जाकिर नबी, मेहंदी हसन, अब्दुल मुस्तफा, शकील अहमद, जग्गा आदि मौजूद रहे।