भोट (रामपुर)। कृषि कानून वापसी की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने बिजली कर्मियों पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार से एमएसपी पर कानून बनाने की मांग की है।
कृषि कानूनों के विरोध में कोयला टोल प्लाजा पर किसानों का धरना 127वें दिन भी जारी रहा। भाकियू ग्राम अध्यक्ष शाकिर अली ने कहा कि तीनों कृषि कानून सरकार को वापस लेना चाहिए। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं में किसानों को आंदोलन करते हुए 10 माह से भी अधिक समय हो गया है। सरकार को चाहिए किसानों की बात मानकर कानून वापस ले और एमएसपी पर कानून बनाकर किसानों की मदद करे। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। बिजली कर्मचारी चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। बिजली अधिकारी सभी क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में सुधार करें और अवैध वसूली रोकी जाए। कई बार शिकायत के बावजूद भी जिला प्रशासन के अधिकारी किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं। जल्दी ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाकियू अधिकारियों के कार्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करेगी। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब, छिद्दा अली, जुम्मा अली, चंद्रसेन, जाकिर नबी, मोहम्मद आरिफ, देवीदास, बाबू, अब्दुल मुस्तफा, नौशाद, मोहम्मद रिजवान, दिलशाद हुसैन, जुल्फिकार, शहादत हुसैन आदि मौजूद रहे।