रायुक्रांमो ने ओवैसी का पुतला फूंका
- फोटो : amarujala
आल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से भारत माता को लेकर दिए गए बयान से युवा संगठनों में आक्रोश है। बयान के विरोध में राष्ट्रीय युवा क्रांति मोर्चा ने मंगलवार को ओवैसी का पुतला फूंककर केंद्र सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग की। असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र में बयान देकर सनसनी फैला दी है।
ओवैसी ने एक सभा में कहा कि मैं भारत माता की जय नहीं बोलूंगा चाहे मेरी गर्दन पर चाकू रख दो। ओवैसी के इस बयान को लेकर राष्ट्रीय युवा क्रांति मोर्चा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए निंदा की है। बयान के विरोध में संगठन के कार्यकर्ता शंकरपुर चौराहे पर एकत्र हुए और ओवैसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने ओवैसी का पुतला भी फूंका।
इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जितेंद्र सनातनी ने कहा कि ओवैसी हमेशा देश विरोधी बातें करते हैं और इस प्रकार के बयान देकर वो देश की अखंडता को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हिंदू-मुस्लिम को बांटने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ओवैसी के इस बयान पर केंद्र सरकार संज्ञान ले और ओवैसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अन्य कठोर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र शर्मा, चेतराम लोधी, तारा, महेंद्र राजपूत, हरेंद्र सिंह, गुलशन कुमार, सौरभ सिंह, बृजकिशोर सागर आदि मौजूद रहे।