नवाब कोठी के चौकीदार की हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश, पिता-पुत्र गिरफ्तार
पिता-पुत्र ने तंजबाजी से तंग आकर बदले की भावना से कर दी थी हत्या
शाहबाद (रामपुर)। लक्खी बाग स्थित नवाब कोठी के चौकीदार ओमवीर की हत्या के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने तंजबाजी से तंग आकर बदले की भावना से घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
छह मई की सुबह को नवाब कोठी की रखवाली करने वाले चौकीदार ओमवीर की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद शव को जलाने को प्रयास भी किया गया था। इस प्रकरण में मृतक चौकीदार ओमवीर के बेटे नयनदीप की ओर से पूर्व में मरे चौकीदार भूकन के बेटे राकेश और उसके बेटे सुमित व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने राकेश और उसके बेटे सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने जुर्म कबूल लिया। वहीं, हत्या वाले दिन पुलिस ने घटनास्थल से ही एक कुल्हाड़ी और एक हथौड़ी बरामद कर ली थी।
भूकन हत्याकांड में नामजद था ओमवीर
रामपुर। छह अप्रैल को पशुपुरा गांव निवासी एक चौकीदार भूकन बेहद गंभीर अवस्था में लक्खी बाग की झाड़ियों में पड़ा मिला था। उस दौरान सीएचसी के चिकित्सकों ने भूकन को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने भूकन के शव का पोस्टमार्टम करा दिया था। मृतक चौकीदार भूकन के बेटे राकेश ने मृतक चौकीदार ओमवीर और शाहबाद के मोहल्ला अफगानान निवासी रशीद के खिलाफ गैरइरादतन हत्या और एससी एसटी में केस दर्ज कराया था। जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान ही हत्या के आरोपी ओमवीर की हत्या कर दी गई।
तंजबाजी से क्षुब्ध होकर कर दी हत्या
शाहबाद। नवाब कोठी की रखवाली करने वाले ओमवीर के हत्यारोपी राकेश और सुमित के परिवार के लोगों की ओमवीर की पत्नी मीना से भूकन की मौत के प्रकरण को लेकर कहासुनी हो गई थी। कहासुनी में दोनों पक्षों में तंजबाजी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर राकेश और उसके बेटे सुमित ने भूकन की मौत का बदला लेने की भावना से बीती पांच-छह मई की मध्यरात्रि में ओमवीर की हत्या कर दी। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है।
सुमित और राकेश की मोबाइल की लोकेशन से हुआ घटना का पर्दाफाश
शाहबाद। चौकीदार ओमवीर की हत्या ने पुलिस की नींद उड़ा रखी थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों नामजद पिता-पुत्र के मोबाइल सर्विलांस पर लगवा दिए थे। हत्या वाली रात में सुमित के मोबाइल की लोकेशन कई बार बदली थी। जिस पर पुलिस की शक की सुई ठहर गई और पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया।
मृतक भूकन चौकीदार की गैरइरादतन हत्यारोपी को भेजा जेल
शाहबाद। नवाब कोठी की रखवाली करने वाले चौकीदार भूकन की हत्या के मामले राकेश ने मृतक ओमवीर और शाहबाद के मोहल्ला अफगानान निवासी रशीद के खिलाफ गैरइरादतन हत्या और एससी-एसटी का केस दर्ज कराया था। पुलिस इस प्रकरण के हत्यारोपी रशीद को बिलारी चौराहे से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद में उसे जेल भेज दिया है।