स्वार (रामपुर)। मिलकखानम थाना क्षेत्र के कुम्हरिया कलां गांव के अड्डे पर शनिवार शाम कार सवार बदमाशों ने वॉशिंग सेंटर में गोलियां बरसाकर संचालक नवजोत सिंह (29) की हत्या कर दी। हत्यारों ने सीने पर चार गोलियां मारीं। हत्या में चार बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है, जो वारदात के बाद सेंटर से बाहर निकलते सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं। डॉग स्कॉवड की टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज से हत्यारों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
टाहकलां गांव निवासी निशान सिंह के बेटे नवजोत सिंह का मिलकखानम-बिलासपुर मार्ग पर कुम्हरिया कलां गांव के अड्डे पर गिल कार वॉशिंग सेंटर है। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने सेंटर पर बैठे थे। तभी कार सवार बदमाश वहां पहुंचे और उतरते ही नवजोत सिंह पर गोलियां दाग दीं। सीने में गोलियां लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कार सवार आरोपी बिलासपुर की ओर भाग निकले। कुछ ही देर में नवजोत सिंह की मौत हो गई। दिनदहाड़े हत्या से क्षेत्र में दहशत है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष और सीओ माैके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ हर्षिता सिंह का कहना है कि पुलिस हर एंगल से वारदात की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में बेटे की हत्या का दृश्य देखकर मां जगदीश कौर बदहवास हो गईं। बेटे को गोलियां लगते देख उनका कलेजा कांप उठा। मां की हालत देखकर रिश्ते की महिलाओं और अन्य परिजनों ने उन्हें बमुश्किल संभाला। चीख-पुकार के बीच परिजन किसी तरह मां को ढांढस बंधाते रहे। माहौल इतना गमगीन हो गया कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।