रामपुर। पूर्व सांसद और सिने अभिनेत्री जयाप्रदा पर आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी। कोर्ट में जयाप्रदा के न पहुंचने पर समन जारी किया गया है।
पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ साल 2019 में चुनाव प्रचार के दौरान स्वार थाना क्षेत्र में एक सड़क के उद्घाटन का वीडियो वायरल होने के बाद आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में स्वार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पुलिस ने विवेचना के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब यह मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है।
अभी तक पूर्व सांसद जयाप्रदा न तो किसी तारीख पर पहुंची हैं और न ही जमानत कराई है। कोर्ट द्वारा उपस्थित होने को लेकर कई बार पत्र भेजे गए हैं। इसके बाद भी पूर्व सांसद के कोर्ट न पहुंचने पर पिछली तारीख पर कोर्ट ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एसपी रामपुर को पत्र भेजकर विशेष संदेशवाहक के जरिए जयाप्रदा को समन तामील कराने के लिए कहा था।
मंगलवार को इस मामले में कोर्ट में तारीख थी, जिसमें पूर्व सांसद की ओर से मंगलवार को भी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई और न ही उनके अधिवक्ता उपस्थित हुए। इस पर कोर्ट ने पुन: समन जारी करते हुए सुनवाई के लिए अगली तारीख 11 दिसंबर तय की है।