नैनीताल हाईवे पर चल रहे ट्रक की बराबर से एक बैगनार कार चालक ने गलत दिशा से ओवरटेक किया, तो ट्रक की साइड से कार क्षतिग्रस्त हो गई। फिर क्या कार सवारों ने ट्रक चालक की पिटाई कर हाईवे पर हंगामा किया। इस दौरान लगे जाम में वाहन दो घंटे से अधिक देर तक फंसे रहे।
गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे एक ट्रक रामपुर से रुद्रपुर की तरफ जा रहा था। नगर में नैनीताल हाईवे स्थित ब्लाक के पास लगे जाम के दौरान पीछे से आ रहे एक बैगनार कार के चालक ने गलत दिशा में कार को ट्रक के बराबर से ओवरटेक कर दिया। इस दौरान ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि कार सवार लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई भी कर दी और हाईवे पर हंगामा करने लगे। इस दौरान तमाम वाहन जाम में फंस गए और वाहनों की हाईवे पर दोनों तरफ लंबी लाइन लग गईं।
ट्रक चालक ने आनन-फानन में मामले की सूचना ट्रक स्वामी को दी। ट्रक स्वामी ने फोन पर व अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार वालों को समझाया तो कहीं एक घंटे बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने खत्म कराया। लोगों का आरोप है कि सूचना के बाद भी चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे।