रामपुर। बिजली अफसरों और विजिलेंस के संयुक्त चेकिंग अभियान में शहर में बिजली चोरी के 310 मामले पकड़े गए। कहीं सीधे चोरी का मामला मिला तो कहीं मीटर से पहले केबल में कट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। 280 नामजद तथा 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर कराई है। बड़े पैमाने पर हुई चेकिंग से शहर में हड़कंप मच गया।
शनिवार को बिजली विभाग मुरादाबाद के मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन के नेतृत्व में शहर में मार्निंग रेड डाली गई। चेकिंग करने के लिए मुुरादाबाद जिले के अफसर और वहां की सभी विजिलेंस टीमें आधी रात को ही रामपुर पहुंच गई थीं। जिनका पता स्थानीय बिजली कर्मिंयों को भी नहीं था। मुख्य अभियंता ने विभागीय अफसरों और विजिलेंस के साथ सात टीमों का गठन किया। सुबह करीब तीन बजे टीमों ने चेकिंग शुुरु की। तड़के में चेकिंग होने से लोगों में हड़कंप मचा रहा। भारी पुलिस बल को देखकर कोई भी चेकिंग का विरोध करने का साहस नहीं जुटा पाया।