गंज थाना क्षेत्र में स्थित मोबाइल की दुकान में घुसकर कुछ लोगों ने दुकानदार को पीटा और तोड़फोड़ की। इससे अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया। पहले उसे जमकर धुना, उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अन्य आरोपियों को तलाश कर रही है।
स्वार थाना क्षेत्र के हाजी नगर निवासी हारुन की गंज क्षेत्र में जौहर अस्पताल के पास मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। उसका कहना है के दोपहर के समय परवेज अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर मोबाइल सही कराने आया। मोबाइल देखने के बाद उसने उसे ठीक करने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर परवेज ने गाली गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर पांच लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। अंदर रखा सामान तोड़फोड़ दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देखकर अन्य आरोपी भाग गए, जबकि परवेज को वहां आए लोगों ने दबोच लिया। पीटने के बाद उसको पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान काफी समय तक वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।