रामपुर। नोडल अधिकारी एल वेंक्टेश्वर लू ने विकास भवन सभागार में वर्चुअल माध्यम से ग्राम प्रधानों एवं सचिवों की मीटिंग ली। उन्होंने कहा कि जनपद में डेेंगू, मलेरिया, कोविड-19 एवं अन्य संचारी रोगोें के प्रभावी नियंत्रण के लिए नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष साफ-सफाई का ध्यान दिया जाए। नालियों में पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाए। जहां पर संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका रहती है, वहां पर एन्टीलार्वा दवाओं का छिड़काव अवश्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए ग्रामीण लोगों को भी जागरूक होना चाहिए तथा इसके लिए समय-समय पर संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जो कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं, उन्हें पूरा किया जाए। इसके लिए प्रबुद्धगणों का भी सहयोग लिया जाए। वर्चुअल माध्यम से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि अपने ग्राम पंचायत के विकास के साथ-साथ बच्चों और गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि इन लोगों के जीवन में खुशहाली आ सके। बैठक में उन्होंने जलसंवर्धन के लिए विशेष जोर देते हुए कहा कि हमें पेड़ों की रक्षा करने के साथ-साथ तालाब के चारों ओर सुंदर वृक्ष लगाने चाहिए, ताकि तालाबों का सौंदर्यीकरण हो सके। प्रकृति को स्वच्छ बनाने के लिए भूगर्भ जल संवर्धन की भी आवश्यकता है। इसके लिए जल संरक्षण कार्य में जारी की गई धनराशि का सही से सदुपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि हर घर में नल से जल मिले, इसके लिए जल स्त्रोतों पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।