रामपुर। परिवहन विभाग की ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस की व्यवस्था परवान चढ़ रही है। जिले में एक माह के अंदर 1394 लोगों ने इस प्रकिया से आवेदन किया है। जिसमें से 1026 से अधिक लर्निंग लाइसेंस बन चुके हैं।
परिवहन विभाग ने लर्निंग लाइसेंस के लिए नवीन प्रक्रिया शुरूकी है। इससे दूर से आने वालों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ऑनलाइन माध्यम से लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने के बाद जरूरी प्रक्रिया को घर बैठे ही पूरा कराया जाएगा। इसमें टेस्ट की व्यवस्था भी ऑनलाइन है। यानी, अब टेस्ट देने के लिए एआरटीओ कार्यालय नहीं जाना होगा। रामपुर में प्रतिदिन 50 से अधिक लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा का स्लॉट है।
Sarathi.parivahan.gov.in पर लर्निंग लाइसेंस बनवाने वाले आवेदक को आधार लिंक करना होगा। ऑनलाइन आवेदन सफल होने के बाद आवेदक अपने आधार से लिंक मोबाइल नंबर डाल देगा। इसके साथ सभी दस्तावेजों को स्वयं प्रमाणित कर अपलोड कर दे। इस आवेदन के तीन दिनों के भीतर एआरटीओ कार्यालय से सत्यापित किया जाएगा। फिर ऑनलाइन टेस्ट होगा आवेदन सही होना और टेस्ट में पास होने पर मोबाइल नंबर पर लिंक, पासवर्ड और ओटीपी भेजा जाएगा। जिसे सही बताने के बाद लाइसेंस जारी हो जाएगा।