रामपुर। मसवासी क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन छात्रों की तहरीर पर स्वार पुलिस ने नीट प्रवेश परीक्षा का फर्जी प्रमाण पत्र देकर धोखाधड़ी करने के आरोप में एक जनेसवा केंद्र संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
स्वार थाना क्षेत्र के मसवासी के शिवनगर लोहारी गांव निवासी मोहम्मद इमरान, मोहम्मद नाजिम और रियाजुद्दीन का आरोप था कि वो किर्गिस्तान से एमबीबीएस कर रहे हैं और इस वर्ष की नीट प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्होंने गांव के ही एक जनसेवा केंद्र से आवेदन किया था। आरोप है कि जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद कासिद ने उनसे आवेदन का शुल्क ले लिया लेकिन, प्रवेश परीक्षा की फीस जमा नहीं की और प्रवेश परीक्षा की तिथि से पहले जब उन्होंने प्रवेश पत्र मांगा तो आरोपी ने फर्जी प्रवेश पत्र उन्हें दे दिया। इसके बाद जब वो परीक्षा केंद्र पहुंचे तो उन्हें प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया। इसके बाद जब छात्रों ने जनसेवा केंद्र संचालक से धोखाधड़ी करने के बारे में कहा तो वो गाली-गलौज कर धमकाने लगा। मामले में एक छात्र मोहम्मद इमरान ने पुलिस को तहरीर दी। इस पर पुलिस ने आरोपी जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद कासिद के खिलाफ आईपीसी की धारा 420(धोखाधड़ी), 504 (गाली-गलौज करना) और 506 (धमकाने) के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।