रामपुर। आंधी और भारी बारिश बिजली पर आफत बनकर टूटी है। बेमौसम हुई बारिश से जिलेभर की बिजली दोपहर से चौपट पड़ी है। शहर में सड़कों पर हुए जलभराव हो गया है। लोगों के घरों में भी पानी भर गया। आंधी-बारिश से धान की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। सोमवार और मंगलवार को भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बारिश होने से करीब चार डिग्री पारा लुढ़क गया है।
रविवार की तड़के करीब चार बजे कुछ देर हल्की फुहारें पड़ने के बाद मौसम खुल गया। दोपहर गरीब 12 बजे आसमान में काली घटाएं घिर आईं। जिससे दोपहर में भी अंधेरा हो गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होते ही पूूरे जिले की बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। करीब पांच घंटे तक लगातार बारिश होने से शहर के कलक्ट्रेट जौहर अली मार्ग, शौकत अली मार्ग, सराय गेट, मिस्टन गंज, ज्वालानगर, साईं बिहार, पुराना गंज, माला मार्ग, बीपी कालोनी, ईदगाह रोड,शाहबाद गेट, हाथीखाना चौराहा, कृष्णा बिहार, पुलिस लाइन रोड समेत पूरे शहर में सड़कों पर जलभराव हो गया। जिससे लोगों के साथ वाहनों का चलना भी दूभर हो गया।
दोपहर को बारिश शुुरू होते ही रामपुर शहर समेत जिलेभर की बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। जिलेभर में जगह जगह एचटी लाइनों पर कहीं पेड़ और टहनियां गिर गईं तो कहीं लाइन लोकल फाल्ट में आ गईं। बिजली ठप होने स लोग परेशान हो गए। शाम करीब छह बजे तक आपूर्ति पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाई थी। अधीक्षण अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के कारण लाइनों में फाल्ट हुए हैं। कई जगह लाइनों पर पेड़ भी गिर गए हैं। जिससे बिजली बाधित हुई है। बारिश कुछ कम होते ही लाइनों की मरम्मत के साथ लोकल फाल्ट दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। फाल्ट अटेंड होते ही बिजली चालू की जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस था। जो रविवार को गिरकर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।