रामपुर। सपा सांसद आजम खां की पांच मामलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। ये सभी मामले किसानों की जमीन कब्जाने के हैं। जो अजीमनगर थाने में दर्ज हैं। कोर्ट ने अगली तारीख 15 जनवरी तय की है।
सपा सांसद आजम खां के खिलाफ आलियागंज के किसानों ने जबरन, बिना पैसा दिए जमीन का बैनामा कराने के आरोप में वर्ष 2019 में जिलाधिकारी से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर सपा सांसद आजम खां के खिलाफ अजीमनगर थाने में जौहर विश्वविद्यालय के लिए जमीन का जबरन, बिना पैसा दिए बैनामा कराने के आरोप में 27 मुकदमे दर्ज किए गए थे।
सपा सांसद आजम खां ने 26 फरवरी 2020 को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। तभी से वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ सीतापुर जेल में बंद हैं। किसानों की जमीन कब्जाने के मामले में आजम खां की पांच मुकदमों की सुनवाई सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में हुई। इस दौरान सपा सांसद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सीतापुर जेल से जुड़े। कोर्ट ने पांच मामलों में 15 जनवरी की तारीख तय की है। संवाद