रामपुर। सपा सांसद आजम खां द्वारा शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर जौहर विश्वविद्यालय में मिलाने के आरोप में दर्ज मुकदमे समेत दस मामलों में बुधवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली तारीख 28 अक्तूबर तय की है।
शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर जौहर विवि में मिलाने के आरोप में सपा सांसद आजम खां के खिलाफ वर्ष 2019 में अजीमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसके बाद कोर्ट में सुनवाई के दौरान सपा सांसद आजम खां ने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत प्रार्थनापत्र दाखिल किया था, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था।
इस मामले में पिछले दिनों कोर्ट प्रक्रिया के दौरान जमानत पर रिहा आरोपियों व जमानत न मिलने वाले आरोपियों की फाइलें अलग-अलग करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया गया था। इसके साथ ही चुनाव आचार संहिता उल्लंघन और डूंगरपुर बस्ती प्रकरण से संबंधित मामलों में भी बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। इन सभी मामलों में कोर्ट ने अगली तारीख 28 अक्तूबर तय की है।