पटवाई (रामपुर)। मिलक सीट से भाजपा विधायक राजबाला के भांजे और उनके चालक के साथ खनन कारोबारियों द्वारा मारपीट, तोड़फोड़, डकैती के आरोप में दर्ज मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिलक सीट से भाजपा विधायक राजबाला ने जिला खनन अधिकारी से अवैध खनन को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद बुधवार रात को जिला खनन अधिकारी राजकुमार संगम विधायक के भांजे भारत सिंह, उनके ड्राइवर अनिल चौहान और अनु चौहान के साथ पटवाई पहुंच गए थे। रात 12 बजे से सुबह को तीन बजे तक अवैध खनन से लदे दो वाहन आए,जिसे जांच के बाद दोनों वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की। इसके बाद जिला खनन अधिकारी चले गए थे। बताया जाता है कि विधायक के भांजे व चालक इसके बाद अन्य खनन वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई को लेकर वीडियो बनाते रहे। आरोप है कि इसी दौरान सुबह करीब साढ़े तीन बजे 15-20 अज्ञात लोग वाहनों से आ गए और विधायक के भांजे भारत सिंह और चालकों अनिल चौहान व अनु चौहान पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने मारपीट की। जिसमें विधायक के भांजे भारत सिंह, चालक अनु चौहान, अनिल चौहान घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने विधायक की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक आरोपी लक्ष्मण को नामजद करते और अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 395, 307, 323, 504, 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए चार लोगों परवेज खां, अरशद अली, शिवकुमार उर्फ शिवा और जुल्फिकार को गिरफ्तार किया है। जिसमें शिवकुमार उर्फ शिवा उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर थाना क्षेत्र के कमौरा गांव और जुल्फिकार मुरादाबाद के मेनाठेर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पस्तौर गांव निवासी बताया गया है जबकि परवेज स्वार और अरशद अली बिजारखाता निवासी बताए गए हैं।