रामपुर। एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर महिला की हत्या करने का आरोप है। इस मामले में महिला के पिता की ओर से मृतका के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेनजीर का है। गांव के छोटेलाल पुत्र नोनीराम की शादी करीब छह साल पहले भोट थानाक्षेत्र के ग्राम दरयावगढ़ का मझरा निवासी राम सिंह की पुत्री रामवती से हुई थी। तब रामवती के परिजनों ने हैसियत के मुताबिक नकदी समेत चार लाख, एक बाइक आदि सामान दहेज में दिया था। इसके बाद भी ससुराली दहेज के लिए परेशान करते थे। उनसे एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला का गर्भपात करा दिया, जिसके बाद से ही उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। शनिवार की रात को अचानक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद ससुराली मृतका के शव का चुपके से अंतिम संस्कार कर रहे थे। मामले की जानकारी मृतका के मायके वालों को लग गई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाली इंस्पेक्टर रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर उसके पति छोटे लाल, ससुर गंगाराम और तहेेरे जेठ राजकिशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।