रामपुर। मौसम में बदलाव के साथ जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रोजाना 700 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया है। पैरासिटामोल की खपत भी बढ़कर रोजाना 1500 से अधिक टैबलेट तक पहुंच गई है।
डॉक्टरों के अनुसार शुरुआती गर्मी में लापरवाही, तेज धूप से आने के बाद खानपान में असंतुलन और मच्छरों की बढ़ती संख्या बुखार के प्रमुख कारण हैं। अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। मंगलवार को 200 से अधिक बुखार के मरीज पहुंचे, जिन्हें जांच के बाद दवाएं दी गईं। दवा काउंटर पर भी भीड़ बनी हुई है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक इन दिनों पैरासिटामोल के साथ अन्य बुखार संबंधी दवाओं की मांग भी बढ़ी है। सीएमएस डॉ. बीसी सक्सेना ने बताया कि दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
जिला अस्पताल में सर्दी के मौसम में जहां पैरासिटामोल की खपत प्रतिमाह लगभग 30 हजार थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 50 हजार प्रतिमाह हो गई है। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे दवाओं की मांग भी बढ़ी है।