रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की पंचायत कलक्ट्रेट में जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार के नेतृत्व में हुई, जहां पर किसानों ने अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग समेत नौ सूत्री ज्ञापन संबंधित अधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद में अवैध नर्सिंग होमो में आए दिन महिलाओं की मौत की खबर सामने आती हैं, जिन नर्सिंग होम और हॉस्पिटल की सील किया जाता है। वह नए नाम से खुल जाते हैं।
स्वास्थ्य विभाग इन अवैध अस्पतालों नर्सिंग होमो के खिलाफ गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करें। साथ ही कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों की देखभाल नहीं की जा रही है। डॉक्टर रात में ड्यूटी पर नहीं रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में कुछ दलाल लगे हुए हैं जो शिकायत करने वालों को धमकाते हैं। कहा कि जिले की कई नहरें बंद हैं, जिनमें बिलासपुर माइनर से बेगमाबाद तक स्वार तहसील में स्थित राजनगर नहर भी शामिल है।
इससे चांदपुरा जदीद, घोमरी, गुलामगंज, रुस्तमपुर, गदईया व हरसुनगला के हजारों किसान कई वर्षों से सिंचाई से वंचित हैं। इस मौके पर अब्दुल रज्जाक खां, सरदार अवतार सिंह, सुनील मौर्य, फरीद खां, बाबर खां, शहीद खां, रामपाल पटेल, चौ.राजपाल, सरदार दुरमंद सिंह आदि मौजूद रहे।