रामपुर। जिले में किसानों को खाद लेने में आ रही दिक्कतों के बाद जिलाधिकारी ने खाद की एक रैक और मंगवा ली है। 2532 मीट्रिक टन खाद के आने के बाद अब किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
गेहूं, मटर आदि फसलों की बुवाई का समय है। लेकिन, पिछले दिनों सहकारी समितियों के सचिवों एवं कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से खाद उपलब्ध कराने में तमाम दिक्कतें आईं। किसान कई कई दिन समितियों के बाहर लाइन लगाकर वापस लौटने को मजबूर रहे। हालांकि, बाद में जिलाधिकारी ने पूरा प्रशासन खाद वितरण में लगा दिया, जिसके बाद किसानों को खाद मिलना शुरु हुई। किन्तु, इसके बाद तमाम समितियों पर खाद न होने की वजह से किसान भटकते रहे। ऐसे में जिलाधिकारी ने खाद मंगवाने के लिए निजी तौर पर प्रयास शुरु कर दिए, जिसके बाद रामपुर को 2532 मीट्रिक टन खाद मिल गई। ऐसे में किसानों को बिना किसी दिक्कत के खाद मिलनी शुरु हो गई। पटवाई क्षेत्र के भूकन लाल का कहना है कि समिति पर आसानी से खाद मिल रही है। भोट क्षेत्र निवासी किसान महेंद्र सिंह ने बताया कि अब समिति पर आसानी से खाद मिल रही है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता हरेंद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के प्रयासों के बाद जिले में 2532 मीट्रिक टन खाद की रैक आ गई है। दो सौ मीट्रिक टन खाद पहले से थी।